वंदे मातरम् के सम्मान में मशाल लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ता
अयोध्या, 16 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं पर वंदे मातरम् के अपमान का आरोप लगाते हुए भाजपा युवा मोर्चा ने रविवार काे विरोध प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा की अगुवाई में कार्यकर्ता रिकाबगंज चौराहे से मशाल जुलूस लेकर कमला नेहरू भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। पार्टी कार्याकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, सोनिया गांधी व राहुल गांधी पर वंदे मातरम् के अपमान का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। कांग्रेस कार्यालय के समक्ष कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रगीत स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृतियों और देश की राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा है। इस दौरान कांग्रेस कार्यालय पर पुलिस कर्मी मुस्तैद रहे।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि वंदे मातरम् देश की स्वतंत्रता की संघर्ष गाथा से जुड़ा है। राष्ट्रीय भावना से जुड़े विषयों पर राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को देशवासियों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।
जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर वंदे मातरम् के प्रति कांग्रेस नेताओं का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है। वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन में लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। इसके सम्मान से जुड़ी भावनाओं को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है।
मशाल जुलूस के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, पूर्व महापौर ऋषिकश उपाध्याय, परमानंद मिश्र, राघवेन्द्र पाण्डेय, गिरीश पाण्डेय डिप्पुल, शशि प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष मुकेश तिवारी, हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर,जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा सुनील मिश्र, आशीष तिवारी, बागीश पाठक, महानगर युवा मोर्चा के महामंत्री आकाश सोमवंशी, अमन तिवारी बिट्टूा, अनुराग त्रिपाठी, अभिषेक शुक्ला, आशुतोष श्रीवास्तव, सौरभ सूर्यवंशी, अखंड सिंह, आर्दश मिश्र, आकाश यादव, अमन गुप्ता, विकास गुप्ता, सहित बडी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय