उत्तर प्रदेश में भाजपा की 2027 के विस चुनाव में हाेगी प्रचंड जीत : पंकज चौधरी

 


-अयोध्या की भूमि से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का शंखनाद

अयोध्या, 12 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अयोध्या से 2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया है। सोमवार को अयोध्या पहुंचे पंकज चौधरी ने दावा किया कि केन्द्र की मोदी और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के कार्यों की बदौलत 2027 में भाजपा की प्रंचड बहुमत की सरकार बनेगी।

पंकज चाैधरी का जिले की सीमा पर रुदौली से विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में भव्य स्वागत हुआ। स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि एक छोटे कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाना केंद्रीय नेतृत्व का विश्वास है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं को कोई गुमराह नहीं कर सकता।

चौधरी ने कहा कि मोदी–योगी सरकार के कार्यों के आधार पर भाजपा 2027 में फिर सरकार बनाएगी। अयोध्या दौरे के दौरान वह अवध प्रांत के 14 जिलों की संगठनात्मक समीक्षा करेंगे। 86 विधानसभा सीटों को लेकर रणनीति तय की जाएगी और कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र दिए जाएंगे। इस महा बैठक में अवध प्रांत के 63 विधायक और 7 मंत्री शामिल हो रहे हैं।

जिले की सीमा राम सनेही घाट पेट्रोल पंप पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक राम चंदर यादव तथा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। अयोध्या महानगर की सीमा में प्रवेश करते ही सहादतगंज ब्रिज के पास विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह की अगुवाई में अभिनंदन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय