प्रभारी मंत्री ने सुनीं कार्यकर्ताओं की शिकायतें, कैंप लगाकर समाधान कराने के निर्देश
अयोध्या, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने किया।
संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने किसान सम्मान निधि, विद्युत आपूर्ति, राजस्व तथा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं। किसान सम्मान निधि से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर पात्र किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। वहीं विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं से प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और आश्वस्त किया कि प्रत्येक प्रकरण की विभागवार समीक्षा कर उचित कार्रवाई कराई जाएगी।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा,सरकार की मंशा है कि आम जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान बिना अनावश्यक विलंब के हो। प्रत्येक अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहे और निर्धारित समय सीमा में उनका निस्तारण सुनिश्चित करे। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय