भाषा और संचार कौशल से संवरता है पत्रकारिता में करियर : प्रो. शेष गिरि राव

 


पत्रकारिता में करियर के नए आयामों पर संगोष्ठी आयोजित

अयोध्या, 31 मार्च (हि.स.)। पत्रकारिता में करियर” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में बरहामपुर विश्वविद्यालय, ओडिशा के पूर्व विभागाध्यक्ष जन संचार एवं पत्रकारिता के प्रो. शेष गिरि राव ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में सफल करियर के लिए संचार कौशल का विशेष महत्व है। इसके लिए भाषा पर मजबूत पकड़ बनाना आवश्यक है।

उन्होंने सुझाव दिया कि छात्र-छात्राएं कम से कम दो भाषाओं के समाचार पत्रों का नियमित अध्ययन करें, जिससे उनकी समझ और अभिव्यक्ति क्षमता में वृद्धि हो।

प्रो. राव ने यह भी कहा कि मीडिया के विद्यार्थियों के लिए केवल पारंपरिक पत्रकारिता ही नहीं, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी करियर की अपार संभावनाएं उपलब्ध हैं। इसके लिए आवश्यक है कि वे अपने कौशल का निरंतर विकास करें और अपनी सोच को व्यवहारिक रूप में धरातल पर उतारने का प्रयास करें।

कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. अनूप कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि एक व्रत है, जिसके लिए निरंतर अध्ययन और समर्पण की आवश्यकता होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय