विश्व ओजोन दिवस पर पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिया ओजोन परत संरक्षण का संदेश
अयोध्या, 16 सितंबर (हि.स.)। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में ओजोन परत के संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रति संवेदनशीलता व वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार चौधरी ने ओजोन परत को पृथ्वी का प्राकृतिक सुरक्षा कवच बताते हुए कहा कि यह सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी (यूवी) विकिरण से जीव-जगत की रक्षा करती है। उन्होंने जोर दिया कि पर्यावरण संरक्षण वैश्विक विमर्श के साथ-साथ हमारी दैनिक जीवनशैली का भी हिस्सा होना चाहिए। प्रो. सिद्धार्थ शुक्ला ने भी विद्यार्थियों को वैज्ञानिक तथ्यों के साथ पर्यावरणीय उत्तरदायित्व अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि अजय सिंह ने शैक्षणिक संस्थानों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को पर्यावरण संरक्षण की रीढ़ बताया। विभाग की ओर से गोविंद कुमार, रंजीत मिश्रा, कर्मवीर वर्मा एवं सुधांशु मिश्रा ने भी उपस्थित रहकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में
प्रथम स्थान: यशिता श्रीवास्तव (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर)
द्वितीय स्थान: महिमा (बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर)
तृतीय स्थान: निष्ठा बरनवाल (एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर)
सांत्वना पुरस्कार: आयुषी त्रिपाठी (एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर)
स्लोगन प्रतियोगिता
प्रथम स्थान: अंशिका वर्मा (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर)
द्वितीय स्थान: प्रियंका मौर्य (एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर)
तृतीय स्थान: अतुल कुमारी (एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर)
सांत्वना पुरस्कार: स्वाति शर्मा (बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर)
प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अदिति, सूरज, निश्चल, सिद्धार्थ, शुभम एवं आकांक्षा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित
शिवदयाल जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, तुलसीनगर में विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अवनि कुमार शुक्ल ने की।
कार्यक्रम के संयोजक एवं भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता मुकेश कुमार ने ओजोन परत के महत्व तथा इसके संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। अतिथि परिचय एवं स्वागत आचार्य दिलीप मिश्र ने किया। रसायन विज्ञान के प्रवक्ता मथुरा प्रसाद मिश्र ने ओजोन परत के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन अन्विता पांडे ने किया। इस अवसर पर भजन सृष्टि, अमितोष प्रकाश पाठक तथा धीरज साहनी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और ओजोन परत की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य अवनि कुमार शुक्ल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य गण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय