अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष का प्रांतीय समारोह, 02 अक्टूबर को होगा उद्घाटन
-संत राजकुमार दास महाराज की अध्यक्षता में संपन्न हुई समारोह समिति की बैठक
अयोध्या, 26 सितंबर (हि.स.)। अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी 02 अक्टूबर को अयोध्या में होने वाले प्रांतीय उद्घाटन की तैयारियों के लिए विश्व हिन्दू परिषद समारोह समिति की विशेष बैठक शनिवार को सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री राम मंदिर धार्मिक समिति सदस्य एवं श्री राम बल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास महाराज ने कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित संपन्न कराने के लिए आवश्यक दायित्वों पर विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के सह प्रांतमंत्री धीरेश्वर वर्मा ने बताया कि संगठन के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय मुख्य वक्ता होंगे। समारोह में अवध प्रांत के संगठनात्मक नौ जिलों- बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, नंदिनी नगर, रामसनेहीघाट, अंबेडकर नगर, अयोध्या ग्रामीण एवं अयोध्या महानगर से संगठन के कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध वर्ग सहभागी होंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के संघर्षपूर्ण जीवन एवं उनके कार्यों से जुड़ी विशेष डॉक्यूमेंट्री का भी दिखाई जाएगी, जिसमें उनके जीवन के महत्वपूर्ण संघर्षों एवं राष्ट्र, धर्म और समाज के प्रति योगदान को प्रस्तुत किया गया है।
बैठक में धीरेश्वर वर्मा प्रांत सहमंत्री, अभिषेक सिंह, विनोद जायसवाल, आशीष अग्रवाल, डॉ. अभय कुमार सिंह महानगर अध्यक्ष, आदित्य, शरद शर्मा, अभिनव सिंह राजपूत, अभिषेक संगठन मंत्री, अखिलेश वर्मा सहित आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय