सोशल मीडिया से मिली सूचना पर जिला प्रशासन ने तत्काल पहुंचाई मदद

 


तीन छोटे बच्चों सहित प्रभावित परिवार को खाद्य सामग्री, तिरपाल एवं गृह उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई गई, मुख्यमंत्री आवास योजना की कार्रवाई शुरू

अयोध्या, 03 सितंबर (हि.स.)। जनपद में जरूरतमंद एवं प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ गुरुवार को कार्रवाई की गई। तहसील बीकापुर के ग्राम सभा खजुराहट, मजरा बरगदीया निवासी अर्पिता पाण्डेय पत्नी ओमप्रकाश पाण्डेय के परिवार के संबंध में सूचना विभाग ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि परिवार के समक्ष खाने-पीने एवं रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए तहसील प्रशासन द्वारा मौके पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू की गई।

प्रशासन द्वारा परिवार के लिए पर्याप्त खाद्य सामग्री की तत्काल व्यवस्था कराई गई। विधायक डॉ. अमित चौहान भी राहत सामग्री लेकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान उपजिलाधिकारी बीकापुर, तहसीलदार बीकापुर, खंड विकास अधिकारी बीकापुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पीड़ित परिवार को पर्याप्त खाद्य सामग्री, सब्जियां, तिरपाल तथा बर्तन, गैस सिलेंडर सहित अन्य आवश्यक गृह उपयोगी सामग्री तत्काल उपलब्ध कराई गई, ताकि परिवार को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रशासन द्वारा परिवार को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। संबंधित प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराकर परिवार को शीघ्र आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता एवं उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय