गैंडों के संरक्षण के प्रति जागरूकता जरूरी : डॉ. कन्हैया पटेल
कानपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। गैंडों के संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व गैंडा दिवस पर कानपुर प्राणी उद्यान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। गैंडा बाड़े के निकट आयोजित कार्यक्रम में गैंडों के संरक्षण और उनके महत्व की जानकारी देते हुए यह बातें मंगलवार को वन संरक्षक एवं निदेशक डॉ. कन्हैया पटेल ने कहीं।
कानपुर प्राणी उद्यान में गैंडों का परिवार वर्ष 1976 में मृगांक कुमारी एवं लक्ष्मित से शुरू हुआ था। इसके बाद यहां गैंडों की संख्या बढ़ती गई। वर्तमान में दो नर गैंडे पवन और कृष्णा प्राणी उद्यान में मौजूद हैं। दोनों गैंडे यहां आने वाले दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र हैं।
विश्व गैंडा दिवस के अवसर पर प्राणी उद्यान प्रशासन ने लोगों को गैंडों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि गैंडे वन्यजीव संरक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटकों को गैंडों की जीवनशैली, संरक्षण और उनके सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी दी गई। लोगों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने और उनके संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई। प्राणी उद्यान में मौजूद दोनों गैंडों को देखने के लिए भी दिनभर दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप