नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर जागरूकता अभियान 12 से, जनसंपर्क से बढ़ेगी भागीदारी : प्रकाश पाल

 


कानपुर 11 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा 12 अप्रैल से विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क कर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्र के सभी जिलों, लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर अधिनियम की जानकारी दी जाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का लक्ष्य लेकर यह अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। यह बातें शनिवार को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र द्वारा 12 से 20 अप्रैल तक चलाए जाने वाले इस अभियान की रूपरेखा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में तय की गई। इसमें बताया गया कि क्षेत्र के 17 जिलों, 10 लोकसभा क्षेत्रों और 52 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क के माध्यम से अधिनियम की जानकारी पहुंचाई जाएगी।

अभियान के तहत टाउन हॉल सम्मेलन, नारी शक्ति पदयात्रा, लेखन अभियान, दीवार लेखन, सिग्नेचर कैंपेन और मिस्ड कॉल अभियान समेत कुल 14 प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्कूटी-बाइक रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला प्रदर्शनी और सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान को गति दी जाएगी, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

अभियान के संचालन के लिए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं महिला आयोग सदस्य अनीता गुप्ता को प्रमुख जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ कई पदाधिकारियों की टीम गठित कर उन्हें अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। सभी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि स्थानीय निकायों और सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप