मेले में साइबर ठगी से बचाव को लेकर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

 


हाथरस, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में श्री दाऊजी महाराज के लक्खी मेले में शुक्रवार को हाथरस पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा ने साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम के साथ मेले में स्टॉल संचालकों, व्यापारियों, दुकानदारों और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। कार्यक्रम में साइबर क्राइम थाना प्रभारी आशीष कुमार और मेला प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी क्यूआर कोड, एपीके फाइल, निवेश के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक और ओटीपी के जरिए होने वाली साइबर ठगी के बारे में जानकारी दी। लोगों से कहा गया कि अनजान लिंक, क्यूआर कोड या एपीके फाइल को बिना सत्यापन के न खोलें। ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन, पासवर्ड व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।

व्यापारियों और स्टॉल संचालकों को डिजिटल भुगतान के समय प्राप्तकर्ता का नाम और राशि जांचने तथा किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर क्यूआर कोड स्कैन न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी सरकारी अधिकारी के नाम पर डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर पैसे मांगने वाले कॉल पर भरोसा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन, साइबर क्राइम पोर्टल या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करने की अपील की गई। इसके साथ ही एटीएम के सुरक्षित इस्तेमाल, आधार कार्ड लॉक कराने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक न करने और मजबूत पासवर्ड रखने के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना