गन्ने की रिकॉर्ड पेराई के साथ हरगांव चीनी मिल का संचालन हुआ बंद

 




सीतापुर,28 मार्च (हि.स.)। हरगांव कस्बे में स्थित अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड का पेराई सत्र शनिवार को अंतिम पेराई के साथ संपन्न हो गया। इस सत्र में मिल ने किसानों के 1 करोड़ 90 लाख 53 हजार कुंतल से अधिक गन्ने की पेराई कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

समापन अवसर पर अधिशासी अध्यक्ष अरविन्द दीक्षित ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पेराई सत्र को सफलतापूर्वक संचालित करने में केन, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग सहित सभी विभागों का अहम योगदान रहा। अधिशासी उपाध्यक्ष (गन्ना) शरद सिंह ने बताया कि 21 मार्च से मिल गेट पर मुक्त गन्ना खरीद की जा रही थी और क्षेत्र के समस्त गन्ने की पेराई पूर्ण होने के बाद मिल को बंद किया गया।

उन्होंने बताया कि पेराई सत्र 28 अक्टूबर 2025 को शुरू हुआ था, जो कुल 151 दिनों तक चला। इस दौरान मिल ने पिछले वर्ष की तुलना में 17 लाख कुंतल अधिक गन्ने की पेराई की। खास बात यह रही कि मिल 13 दिन कम चली, फिर भी प्रति दिन औसत पेराई सर्वाधिक रही। शरद सिंह ने किसानों से अपील की कि वे गन्ने की बुवाई के लिए उन्नत किस्म के बीजों का चयन करें और अस्वीकृत व डुप्लीकेट प्रजातियों जैसे 5009, 9709, 91269, 84212, 119, 160 की बुवाई से बचें। उन्होंने बेहतर उत्पादन के लिए उचित खाद व समय पर सिंचाई की सलाह भी दी। इस अवसर पर प्रमोद कुमार, अनिल शर्मा, गन्ना महाप्रबंधक संजीव राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma