अवतार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती दो व्यक्तियों की मौत मामले में संचालक गिरफ्तार
देवरिया, 31 मई (हि.स.)। शहर के अवतार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने केंद्र के संचालक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में दर्ज अभियोगों की विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के आधार पर यह कार्रवाई की है।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने आरोपित पंकज कुमार मिश्र (30) पुत्र ओमप्रकाश मिश्र, निवासी समउर गोपालपुर, थाना कटेया, जिला गोपालगंज (बिहार) को गिरफ्तार किया। जो अवतार नशा मुक्ति केंद्र का संचालक बताया गया है।
उन्होंने बताया कि तिलई बेलवा निवासी सुरेश यादव (38) को 16 मई 2026 को बेलडाड़ मोड़ स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि 21 मई की रात केंद्र से उनकी तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। मेडिकल कॉलेज ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार राघवनगर निवासी रितेश राव को 11 मई 2026 को उसी केंद्र में भर्ती कराया गया था। 25 मई को केंद्र से उनकी तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की विवेचना जारी है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर केंद्र संचालक की गिरफ्तारी की गई है। आरोपित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक