औरैया : भौरिया बनाकर महिलाओं ने इंद्र देव से मांगी अच्छी बारिश

 


औरैया, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मानसून की सुस्त चाल और पर्याप्त बारिश न होने से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। खेतों में फसलें सूखने लगी हैं और बुवाई भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में क्षेत्र के ग्राम मौहारी में शनिवार को महिलाओं ने लोक परंपरा के तहत 'भौरिया' बनाकर इंद्र देव से अच्छी वर्षा की प्रार्थना की।

गांव के प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में महिलाओं ने गाय के गोबर के कंडों की राख पर पारंपरिक रोटियां, जिन्हें स्थानीय भाषा में 'भौरिया' कहा जाता है, तैयार कीं। इसके बाद इंद्र देव सहित अन्य देवी-देवताओं को भोग लगाकर क्षेत्र में जल्द अच्छी बारिश होने की कामना की। महिलाओं का कहना है कि यह परंपरा वर्षों पुरानी है और सूखे जैसे हालात में ग्रामीण आज भी आस्था के साथ इसका पालन करते हैं।

अनुष्ठान के बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन हुआ। महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्रसाद के रूप में भौरिया ग्रहण किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इंद्र देव की कृपा से जल्द अच्छी वर्षा होगी, जिससे सूख रही फसलों को राहत मिलेगी और किसानों की चिंता कम होगी।

इस दौरान कुसमा, भानबती, सरोजिनी, पुष्पा, बबली, रिंकी, मीना, संगीता, आराध्या, बेटू, कप्तान सिंह, प्रमोद, मनोज, विनीत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार