युवा और महिला मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने पर जोर, जिलाधिकारी ने किया बूथों का निरीक्षण

 


- 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान, पात्र मतदाताओं से बूथों पर पहुंचकर नाम जुड़वाने की अपील

औरैया, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने शुक्रवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 204-औरैया के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं पदाभिहित अधिकारियों से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, नए मतदाताओं के पंजीकरण और प्राप्त आवेदन पत्रों की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष रूप से ऐसे युवाओं का नाम सूची में शामिल कराने पर जोर दिया, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या कर चुके हैं। इसके साथ ही महिला एवं नवविवाहित महिलाओं को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बीएलओ और पदाभिहित अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाएं। नवविवाहित महिलाओं, स्थान परिवर्तन कर दूसरे क्षेत्र में निवास करने वाले नागरिकों और 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से संपर्क कर उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दें। नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन और पता परिवर्तन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जनपद के पात्र नागरिकों से अपील की कि 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान तिथियों पर अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम अवश्य जांच लें। नाम दर्ज न होने पर आवश्यक प्रपत्र भरकर पंजीकरण कराएं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा का लाभ उठाने की भी अपील की।

इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद, नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा, जीएम डीआईसी सहित संबंधित बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार