डीएम ने मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण, युवाओं और महिलाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश
औरैया, 24 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों और पोलिंग बूथों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त प्रारूप-6 तथा अन्य दावों और आपत्तियों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ के पास उपलब्ध रजिस्टर का ऑनलाइन और ऑफलाइन प्राप्त आवेदनों से मिलान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्राप्त प्रारूप-6 को बिना देरी किए निर्वाचन आयोग के डिजिटल पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम समय से सूची में शामिल हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे युवा, जो एक जनवरी 2027 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराना प्राथमिकता है। बीएलओ घर-घर जाकर और शिक्षण संस्थानों के माध्यम से पात्र युवाओं को चिह्नित करें। उन्होंने महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कोई भी पात्र महिला मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग भी लिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि मृत, स्थानांतरित और दोहरे नाम वाले मतदाताओं के नाम नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही हटाए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौजूद नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे बीएलओ के माध्यम से प्रारूप-6 भरें अथवा निर्वाचन आयोग के पोर्टल और ईसीआई नेट एप से ऑनलाइन आवेदन करें। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर ब्रह्मानन्द, नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा, संबंधित मतदेय स्थलों के पदाभिहित अधिकारी, बीएलओ और आवेदक मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार