रंगोली और मानव श्रृंखला से दिया मतदान का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया जागरूकता का संकल्प
औरैया, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया में जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) के तहत बुधवार को सभी माध्यमिक विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने रंगोली, स्लोगन और मानव श्रृंखला के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया।
विद्यालयों में विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली बनाकर और प्रेरक स्लोगन लिखकर लोकतंत्र में मतदान की भूमिका को प्रदर्शित किया। इसके साथ ही मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा निष्पक्ष एवं अनिवार्य मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रजेश कुमार के निर्देश तथा मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला विद्यालय निरीक्षक के संयोजन में इन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों का सहयोग रहा।
अधिकारियों ने विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की अपेक्षा की, जिससे अधिक से अधिक नागरिक मतदान के प्रति जागरूक हों और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार