औरैया : पांचवें दिन बहाल हुई कंचौसी स्टेशन की टिकट वितरण व्यवस्था, यात्रियों को मिली राहत

 


औरैया, 28 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कंचौसी रेलवे स्टेशन पर पिछले चार दिनों से ठप पड़ी कंप्यूटराइज टिकट वितरण व्यवस्था शनिवार को बहाल हो गई। शुक्रवार रात रेलवे की तकनीकी टीम ने कंप्यूटर सिस्टम की खराबी दूर कर दी। इसके बाद शनिवार सुबह से यात्रियों को कंप्यूटर के माध्यम से टिकट मिलने शुरू हो गए। टिकट वितरण व्यवस्था सुचारु होने से दैनिक यात्रियों सहित अन्य यात्रियों ने राहत की सांस ली।

बीते चार दिनों से कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते स्टेशन पर टिकट वितरण प्रभावित था। यात्रियों को मैनुअल तरीके से टिकट दिए जा रहे थे। वहीं, कई यात्रियों को दूसरे रेलवे स्टेशनों से टिकट खरीदने के लिए ट्रेन रोककर टिकट उपलब्ध कराने की सूचना अनाउंसमेंट के माध्यम से दी जा रही थी। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

गुरुवार को रेलवे की तकनीकी टीम पूरे दिन स्टेशन पर कंप्यूटर सिस्टम को दुरुस्त करने में जुटी रही, लेकिन उस दिन सफलता नहीं मिल सकी थी। इसके बाद शुक्रवार रात टीम ने लगातार प्रयास कर सिस्टम को ठीक कर दिया। शनिवार सुबह से कंप्यूटराइज टिकट वितरण शुरू होने के बाद यात्रियों को पहले की तरह टिकट मिलने लगे। स्टेशन मास्टर सतीश कुमार ने बताया कि कंप्यूटर सिस्टम ठीक हो गया है। अब स्टेशन पर कंप्यूटर के माध्यम से यात्रियों को टिकट वितरित किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार