कंचौसी रेलवे स्टेशन पर यूटीएस सिस्टम खराब, अनारक्षित टिकटों की बिक्री ठप, यात्री परेशान
औरैया, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के कंचौसी रेलवे स्टेशन पर यूटीएस (अनारक्षित टिकट प्रणाली) का कंप्यूटर खराब होने से टिकट वितरण व्यवस्था ठप हो गई है। मंगलवार शाम से आई तकनीकी खराबी के कारण बुधवार को भी यात्रियों को स्टेशन पर अनारक्षित टिकट नहीं मिल पाए। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई लोगों को बिना यात्रा किए ही लौटना पड़ रहा है।
कंचौसी स्टेशन पर अनारक्षित टिकटों की बिक्री के लिए केवल एक काउंटर है। ऐसे में कंप्यूटर सिस्टम खराब होने से टिकट वितरण पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बुधवार को भी टिकट लेने के लिए स्टेशन पहुंचे यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन टिकट उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
यात्री विनोद कुमार, पिंटू सविता, अनमोल गुप्ता और देवेश पालीवाल ने बताया कि टिकट नहीं मिलने से उनकी यात्रा प्रभावित हो रही है। रेलवे प्रशासन को जल्द से जल्द तकनीकी खराबी दूर कराकर टिकट वितरण शुरू कराना चाहिए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
स्टेशन मास्टर सतीश कुमार ने बताया कि कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण अनारक्षित टिकटों की बिक्री प्रभावित हुई है। इसकी जानकारी स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने उच्चाधिकारियों को दे दी है।
उन्होंने बताया कि फरक्का एक्सप्रेस और ऊंचाहार एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए कानपुर सेंट्रल, फफूंद, भरथना और इटावा रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों को रुकवाकर टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से कंचौसी स्टेशन पर जल्द टिकट वितरण व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है, ताकि उन्हें टिकट के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भर न रहना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार