तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में मारी टक्कर, दो युवतियों की मौत, तीसरी गंभीर

 


औरैया, 25 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवतियों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में शामिल टैंकर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ लोग माेटर साइकिल से कानपुर देहात के बरौर क्षेत्र निवासी मनीषा को उसके घर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र में इंडियन ऑयल चौकी के समीप तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर एंबुलेंस सेवा सक्रिय हुई। एंबुलेंस एमटी अरविंद कुमार और चालक विमल कुमार ने घायलों को तत्काल औरैया के 50 शैया अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद छाया और मनीषा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल वर्षा की हालत को देखते हुए उसे उच्च उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।

हादसे में छाया (17) पुत्री बृजेश निवासी शास्त्री नगर, बाबरपुर अजीतमल और मनीषा (15) पुत्री राजू निवासी थाना बरौर, कानपुर देहात की मौत हो गई। जबकि वर्षा (20) पुत्री बृजेश निवासी बाबरपुर अजीतमल गंभीर रूप से घायल हो गई।

बताया गया कि छाया और वर्षा अपने भाई रामू के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर जा रही थीं। वहीं दूसरी बाइक पर मनीषा अपने भाई अनिकेत पुत्र राजू के साथ थी। हादसे की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।

कोतवाली प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में शामिल टैंकर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दोनों युवतियों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने समेत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदुस्थान समाचार/सुनील कुमार

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार