औरैया में 21 और 28 नवंबर को लगेगी विशेष लोक अदालत, एनआई एक्ट और यातायात चालान के निपटेंगे मामले
औरैया, 18 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद न्यायालय औरैया में आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 और 28 नवंबर को दो विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा। इनमें धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) और मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित यातायात चालान से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार एवं उच्च न्यायालय इलाहाबाद के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मयंक चौहान के आदेश पर इन विशेष लोक अदालतों का आयोजन होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) रोमा गुप्ता ने बुधवार को बताया कि 21 नवंबर (शनिवार) को धारा 138 एनआई एक्ट के अंतर्गत न्यायालयों में लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत लगेगी। वहीं 28 नवंबर (शनिवार) को मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित यातायात चालान से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन विशेष लोक अदालतों का मुख्य उद्देश्य लंबित वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित और प्रभावी निस्तारण करना है, जिससे लोगों को अनावश्यक न्यायालयीन प्रक्रिया से राहत मिल सके।
सचिव रोमा गुप्ता ने जनपदवासियों से अपील की है कि जिनके एनआई एक्ट की धारा 138 के मामले न्यायालय में लंबित हैं अथवा यातायात चालान न्यायालय में विचाराधीन हैं, वे निर्धारित तिथियों पर संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। आपसी सुलह-समझौते से मामलों का निस्तारण कराकर समय और धन दोनों की बचत करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार