औरैया : चुनाव आयोग के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने निकाला पैदल मार्च, पुतला फूंका

 


औरैया, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में चुनाव आयोग को हटाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला। बिधूना तहसील गेट से शुरू हुआ मार्च भगत चौराहा होते हुए अंबेडकर पार्क के पास पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया गया, जो वयस्क मताधिकार का अधिकार प्रदान करता है।

कार्यक्रम का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने किया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर) के नाम पर मतदाताओं के साथ धांधली की जा रही है। पात्र लोगों के वोट नहीं बनाए जा रहे हैं और बहाने से मतदाताओं के नाम वोटर सूची से काटे जा रहे हैं। यह लोकतंत्र की हत्या को साबित करता है। इसी को लेकर इंडिया गठबंधन के लोगों ने प्रदर्शन किया था। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देश पर दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है।

प्रदर्शन में सपा विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, वरिष्ठ सपा नेता लालजी, बाबा रामनरेश यादव, विनोद यादव कक्का, नरेंद्र पाल, श्याम बाबू, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, ओके चौधरी, शैलेंद्र अंबेडकर, विधानसभा अध्यक्ष रानू पालीवाल, रचना सिंह, रंजन पाल, रश्मि यादव, स्नेहलता दोहरे, पल्लवी पाल, सुमन दिवाकर, मीना कठेरिया, अध्यक्ष राजकुमार गौतम, रामस्नेही पाल, पुष्पेंद यादव, मनीष कठेरिया और ओम प्रकाश ओझा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार