सेवा संकल्प अभियान के तहत निकलेगी भव्य सेवा ज्योति यात्रा
प्रधानमंत्री के वर्चुअल उद्बोधन के बाद शहीद पार्क से होगा यात्रा का शुभारंभ
औरैया, 06 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में भव्य सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जाएगा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ 7 अक्टूबर 2026 को प्रातः नौ बजे शहीद पार्क औरैया से होगा। कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल उद्बोधन होगा। प्रधानमंत्री के उद्बोधन के बाद सेवा ज्योति यात्रा का भव्य शुभारंभ किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग सहभागिता करेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। यात्रा को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनपदवासियों से भी कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे ने बताया कि प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार