औरैया में समाजवादी पार्टी की बैठक में लिया गया 2027 में जीत का संकल्प

 


औरैया, 06 मई (हि . स.) । उत्तर प्रदेश औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक बुधवार को शहर स्थित साई धर्मशाला में आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूती देने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। बैठक का संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाह ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामकरन निर्मल ने कहा कि 2027 का चुनाव समाजवादी पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसे जीतने के लिए अभी से संगठित प्रयास शुरू करने होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर जनता के बीच पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाएं।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की सफलता का आधार बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता होती है। इस दौरान कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव दिए। बैठक में महेंद्र त्रिपाठी, कमलेश तिवारी, सायरा बानो, विधानसभा अध्यक्ष रामकुमार दोहरे, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, अशोक गुप्ता, दिनेश मिश्रा, प्रशांत दिवाकर, प्रमोद पाल, अरविंद बर्मा, पुष्पेंद्र यादव, राजेंद्र दोहरे, दीपक सविता, उपेंद्र भारती, योगेश विरासिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी को जीत दिलाने का संकल्प लिया और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंकने का भरोसा जताया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार