बाइक चोरी में आया नाबालिग लड़के का नाम, भय में लगा ली फांसी

 


औरैया, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रतनपुर गढ़िया में बुधवार दोपहर एक नाबालिग लड़के ने घर की दूसरी मंजिल पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी अतुल पुत्र कोमल प्रजापति (16) ने घर की दूसरी मंजिल पर टीन शेड की बल्ली में काले रंग के अंगोछे के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे उसकी मां सीमा देवी उसे खाना खाने के लिए बुलाने गई थीं। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। ऊपर जाकर देखा तो बेटे अतुल का शव फांसी के फंदे से लटक रहा था। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मृतक का बड़ा भाई दीपक दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि बहन की शादी हो चुकी है। घटना के समय माता-पिता घर पर ही मौजूद थे।

ग्रामीणों में चर्चा है कि 25 मई को किन्नरपुर में आयोजित भंडारे के दौरान हुई बाइक चोरी के मामले में अतुल का नाम सामने आया था। बाद में बाइक बरामद हो गई थी। इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव में नाबालिग ने यह कदम उठाया।

थाना प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार