अजीतमल क्षेत्र में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
औरैया, 06 मार्च (हि. स.)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हरपालपुर में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरपालपुर निवासी लगभग 35 वर्षीय अखिलेश निषाद पुत्र मेवालाल ने शुक्रवार शाम अपने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि जब परिजनों को इस घटना की जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार अखिलेश निषाद सामान्य स्वभाव का व्यक्ति था और उसकी मौत से गांव में गहरा दुःख व्याप्त है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
इस संबंध में क्राइम इंस्पेक्टर अजीतमल रामचंद्र वर्मा ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार