राष्ट्रपिता व पूर्व प्रधानमंत्री को एनटीपीसी अधिकारियों को किया नमन, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

 


औरैया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर एनटीपीसी परियोजना में शुक्रवार को श्रद्धांजलि एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। टाउनशिप स्थित अतिथिगृह परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्षता कर रहे अपर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) मनोज आनंद ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में दोनों महापुरुषों के योगदान को याद किया। इस दौरान सत्य, अहिंसा, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों का स्मरण किया गया।

इसके बाद स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत अतिथिगृह के समीप वृक्षारोपण किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण, हरित परिवेश के संवर्धन तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण निर्माण का संकल्प लिया।

अपर महाप्रबंधक मनोज आनंद ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार