औरैया : श्रावण के चौथे सोमवार पर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन, 23 अगस्त शाम से लागू होगा प्रतिबंध
औरैया, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार 24 अगस्त को देवकली मंदिर समेत जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भारी वाहनों के रूट में बदलाव किया है। निर्धारित डायवर्जन 23 अगस्त रविवार शाम छह बजे से 24 अगस्त सोमवार की रात तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान औरैया शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शनिवार को बताया कि जालौन से औरैया आने वाले भारी वाहन विलराया-पनवाड़ी मार्ग के बजाय बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। कन्नौज और छिबरामऊ से एरवाकटरा होते हुए औरैया आने वाले भारी वाहनों को सौरिख कट से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। इटावा-ऊसराहार से आने वाले भारी वाहनों को उमरैन पुल के नीचे से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से भरथना होते हुए आगे भेजा जाएगा।
कानपुर देहात से याकूबपुर-बेला होकर आने वाले भारी वाहन रसूलाबाद चौराहा से झींझक होते हुए एनएच-19 का प्रयोग करेंगे। कंचौसी से औरैया आने वाले भारी वाहनों को भी झींझक होकर एनएच-19 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इटावा से आने वाले भारी वाहन कुदरकोट कट से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे होते हुए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर जाएंगे।
औरैया से जालौन जाने वाले भारी वाहनों को मंगलाकाली चौराहा से एनएच-19 और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मंगलाकाली चौराहा से मंदिर जाने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति रहेगी। देवकली चौराहा (खानपुर चौराहा) से मंदिर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। यहां से केवल मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और पिकअप आदि को जाने की अनुमति होगी।
बेला से दिबियापुर की ओर आने वाले भारी वाहन बेला तिराहा से रसूलाबाद होकर जाएंगे। वहीं कानपुर की ओर से एनएच-19 पर आने वाले भारी वाहन देवकली चौराहा और जालौन चौराहा से सर्विस लेन पर नहीं आएंगे। दिबियापुर और बेला की ओर जाने वाले वाहनों को मुरादगंज-फफूंद चौराहा और दिबियापुर होते हुए भेजा जाएगा।
दिबियापुर से औरैया की ओर आने वाले भारी वाहन फफूंद चौराहा से मुरादगंज होते हुए एनएच-19 पर पहुंचेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि औरैया शहर के किसी भी चौराहे या तिराहे से अंदर शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। एनएच-19 पर यातायात सामान्य रूप से संचालित रहेगा।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। यातायात संबंधी जानकारी के लिए जनपदीय यातायात नियंत्रण कक्ष के सीयूजी नंबर 9454402894 और 8299405438 पर संपर्क किया जा सकता है। राज्य यातायात नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 18001801490 पर भी सहायता ली जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार