औरैया : साइबर ठगी के तीन पीड़ितों को लौटाए 1.55 लाख रुपये

 


औरैया, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए औरैया पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल साइबर क्राइम) के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना एवं साइबर सेल की टीम ने ऑनलाइन साइबर ठगी के शिकार तीन पीड़ितों के कुल 1,54,997 रुपये उनके बैंक खातों में वापस कराए।

पुलिस के अनुसार, दिबियापुर थाना क्षेत्र के भटपुरा-दखलीपुर निवासी जूली को 1,25,000 रुपये, दिबियापुर क्षेत्र के लवकुश कुमार को 25,000 तथा कोतवाली औरैया क्षेत्र के नरोत्तमपुर निवासी नवनीत को 4,997 रुपये की धनराशि वापस दिलाई है। इस कार्रवाई को साइबर क्राइम थाना प्रभारी राजीव कुमार व उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों की रकम वापस कराना संभव हो पाता है।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी राजीव कुमार ने रविवार को कहा कि आमजन से अपील है कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हों, तो गोल्डन ऑवर (एक घंटे के भीतर) या यथाशीघ्र 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in तथा नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार