आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई, अजीतमल इंस्पेक्टर समेत तीन लाइन हाजिर

 


औरैया, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) और तहसील दिवस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में खराब प्रदर्शन पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सख्त कार्रवाई की है। समीक्षा में सबसे खराब प्रदर्शन पाए जाने पर निरीक्षक अजीतमल सहित दो चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने जनसुनवाई (आईजीआरएस/तहसील दिवस) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा के लिए गुरुवार को बैठक आयोजित की। इसमें विभिन्न थानों एवं चौकियों के प्रदर्शन का आकलन किया गया। समीक्षा के दौरान शिकायतों के निस्तारण में मिली कमियों और खराब प्रदर्शन को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई।

एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही, शिथिलता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार