घर के आंगन में टीनशेड के नीचे फंदे पर लटका मिला वृद्ध का शव
औरैया, 18 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को घर के आंगन में लगी टीनशेड में एक वृद्ध का शव रस्सी के फंदे पर लटका मिला। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार, हविलिया गांव निवासी श्रीकर त्रिपाठी (60) पुत्र श्रीमुकुंद त्रिपाठी घर में अकेले रहते थे। बुधवार को उनका शव आंगन में टीनशेड के नीचे फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी विजय बहादुर वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक वृद्ध श्रीकर के माता-पिता और पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। बताया गया कि वृद्ध नशे का सेवन भी करते थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है। परिजनों ने लिखित रूप से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार