औरैया : प्रोजेक्ट नई किरण ने बिखरने से बचाए नौ परिवार, आपसी मनमुटाव भुलाकर साथ रहने को राजी हुए दंपति
औरैया, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में आपसी विवाद और वैचारिक मतभेदों के चलते अलग रह रहे नौ परिवारों के बीच औरैया पुलिस ने सुलह कराकर उन्हें फिर से एक साथ रहने के लिए राजी किया। रविवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट नई किरण का आयोजन किया गया। इसमें पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव और पारिवारिक कलह को दूर कर रिश्तों में दोबारा मिठास घोलने का प्रयास किया गया।
प्रोजेक्ट नई किरण के तहत ऐसे नौ परिवारों के मामले सामने आए, जिनमें आपसी मतभेदों के कारण पति-पत्नी कुछ दिनों से अलग रह रहे थे। विवाद के चलते परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गए थे। महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर और प्रोजेक्ट के सदस्यों ने दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इसके बाद उन्हें आपसी बातचीत, समझदारी और सामंजस्य के साथ विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस की समझाइश और आपसी संवाद के बाद सभी नौ परिवारों के पति-पत्नी अपने मतभेद भुलाकर साथ रहने के लिए राजी हो गए। लंबे समय से रिश्तों में बनी दूरियों को समाप्त कर एक साथ जीवन बिताने की सहमति बनने पर परिवारों में खुशी का माहौल रहा। इसके बाद सभी परिवारों को हंसी-खुशी उनके घरों के लिए विदा किया गया।
बिखरते परिवारों को जोड़ने की पहल
प्रोजेक्ट नई किरण के माध्यम से औरैया पुलिस पारिवारिक विवादों को आपसी सहमति और संवाद के जरिए सुलझाने का प्रयास कर रही है। इसका उद्देश्य पति-पत्नी के बीच उत्पन्न मनमुटाव को दूर कर परिवारों को टूटने से बचाना और रिश्तों में विश्वास कायम करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट नई किरण के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार