औरैया : कीटनाशक पदार्थ पीने से विवाहिता की मौत, चार माह की बेटी के सिर से उठा मां का साया

 


-पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद उठाया आत्मघाती कदम

औरैया, 05 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के उटकपूरा (कमारा) गांव में गुरुवार को पति -पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद विवाहिता ने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे एंबुलेंस से चिचौली स्थित जिला अस्पताल ले गए। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। विवाहिता की मौत से परिवार में मातम छा गया। वहीं, महज चार माह की मासूम बेटी के सिर से मां का साया उठ गया।

कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय रेखा पुत्री ब्रजेश की शादी 18 नवंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ उटकपूरा (कमारा) गांव निवासी विकास पुत्र शिवराम सिंह से हुई थी। गुरुवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद रेखा ने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ पी लिया। सास जयदेवी ने उसे देखा तो अन्य परिजनों को जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

विवाहिता की मौत की सूचना मायके पक्ष और पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि अस्पताल से मेमो आया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार