विधिक जागरूकता शिविर में दिव्यांगों को ट्राई साइकिल व बैसाखी वितरित

 


कृषि योजना के लाभार्थी को सौंपी ट्रैक्टर की चाबी, विभिन्न विभागों ने लगाए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टाल

औरैया, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर रविवार को माधव मंगल गेस्ट हाउस में वृहद विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मयंक चौहान ने की। कार्यक्रम प्रशासनिक न्यायमूर्ति अरुण कुमार के नेतृत्व एवं निर्देशन में संपन्न हुआ।

शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश मयंक चौहान, जिलाधिकारी बृजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती एवं अपर जिला जज प्रथम पारुल जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया गया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल और बैसाखी वितरित की गई। वहीं कृषि विभाग की योजना के तहत एक लाभार्थी को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता ने आमजन से शिविर में लगाए गए स्टालों पर पहुंचकर कानूनी जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन रोमा गुप्ता एवं सिविल जज नाजिम अकबर ने किया।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद पटेल सहित न्यायिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पीएलवी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार