औरैया : करवा चौथ पर उजड़ा सुहाग, घरेलू विवाद में जहर खाने से पति की मौत
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान तोड़ा दम
औरैया, 29 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में करवा चौथ के दिन गुरुवार काे जहां सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखकर चांद निकलने का इंतजार कर रही हैं, वहीं एक परिवार में मातम छा गया। पत्नी से विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। करवा चौथ के दिन पति की मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
यह मृतक मोनू फंफूद थाना के मेमरेज गांव का निवासी था। परिजनों के मुताबिक, मोनू बुधवार को दिल्ली से अपने साढ़ू के बेटे के जन्मदिन में शामिल होने गांव आया था। इसके बाद वह लोहरई गांव स्थित अपने साढ़ू के घर चला गया था और वहां से लाैट कर घर आया। गुरुवार को करवा चौथ के दिन सुबह करीब दस बजे किसी बात को लेकर घर में उसका पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद वह घर से निकल गया और जहरीला पदार्थ खा लिया। काफी देर तक तलाश करने के बाद परिजनों को मोनू दोपहर करीब दो बजे गंभीर हालत में मिला। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना पर फंफूद थाना प्रभारी अजय कुमार में मामले की जानकारी जुटाते हुए घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार