संस्था ने कन्या पूजन और भोज कराया, उपहार पाकर खिले बेटियों के चेहरे

 


औरैया, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. की ओर से रविवार को ग्राम धीरजपुर स्थित ग्रामीण कार्यालय में विशाल कन्या पूजन एवं कन्या-लंगूरा भोज का आयोजन कराया गया। इस दौरान नन्ही कन्याओं का देवी स्वरूप में पूजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। उपहार पाकर बेटियों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम में कन्याओं के मस्तक पर रोली का तिलक लगाकर पुष्प वर्षा की गई और आरती उतारकर उनका पूजन किया गया। इसके बाद कन्याओं एवं लंगूरों को प्रसाद स्वरूप सब्जी-पूड़ी, मिष्ठान आदि का भोजन कराया गया। पूजन के उपरांत कन्याओं को उपहार स्वरूप पायल, कानों की बाली, हेयरबैंड, रुमाल, फल, नमकीन सहित अन्य खाद्य सामग्री और दक्षिणा भेंट की गई।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि ग्राम धीरजपुर स्थित समिति के ग्रामीण कार्यालय में नवरात्रि के दौरान प्रतिवर्ष दो बार विधि-विधान से कन्या भोज का आयोजन किया जाता है। नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ पावन स्वरूपों की साधना शुभकारी और फलदायी मानी जाती है। इस पर्व पर देवी स्वरूप कन्याओं के पूजन और कन्या भोज का विशेष महत्व है।

महिला शाखा तुलसी 'सखी ग्रुप' की संरक्षक शांती गुप्ता ने कहा कि प्राचीन मान्यता के अनुसार नवरात्रि में कन्याओं में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का वास होता है। सच्चे मन से कन्या पूजन और कन्या भोज कराने से मनोकामनाओं की पूर्ति तथा पुण्य फल की प्राप्ति होती है। आयोजन में शांती गुप्ता का सराहनीय योगदान रहा।

इस अवसर पर 'सखी ग्रुप' की प्रभारी बबिता गुप्ता, प्रखर गुप्ता, समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू), विजय गुप्ता, विनोद पोरवाल (साड़ी वाले), कुलदीप बाजपेई, दीपक सोनी, जूनियर शाखा अनमोल के पूर्व अध्यक्ष अर्पित गुप्ता सहित करीब आधा सैकड़ा ग्रामवासी, श्रद्धालु और बच्चे मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार