आईटीआई अजीतमल में चार नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, कई कंपनियां करेंगी चयन
औरैया, 02 नवम्बर (हि. स)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चार नवंबर को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अजीतमल में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। इसमें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी आशीष शुभम चौधरी ने बताया कि रोजगार मेले में प्रथम एज्यूकेशन फाउंडेशन, लैग प्रो सर्विस, महादेव हनुमत विजय प्लेसमेंट सर्विस, एडू वैंटेज प्राइवेट लिमिटेड, टीडीएस प्लेसमेंट्स एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, अडानी सोलर एनर्जी फोर लिमिटेड, जेपी वीएमजी मार्केट प्राइवेट लिमिटेड, जी04 एस सिक्योर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, अपटूस्किल्स कंपनी और ठाकुर पब्लिकेशन सहित अन्य कंपनियां शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार प्रतिभाग कर सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। साथ ही बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर पहुंचना होगा। जिला सेवायोजन अधिकारी ने महाविद्यालयों और प्रशिक्षण संस्थानों के प्रभारियों से अपील की कि वे पात्र छात्र-छात्राओं को जानकारी देकर अधिकाधिक संख्या में रोजगार मेले में प्रतिभाग कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार