आधुनिक खेती की तकनीक सीखने पंतनगर रवाना हुए औरैया के किसान

 


औरैया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों और वैज्ञानिक कृषि प्रबंधन की जानकारी देने के उद्देश्य से सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना वर्ष 2026-27 के तहत अंतर्राज्यीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से चयनित किसानों के वाहन को हरी झंडी दिखाकर गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर, उत्तराखंड के लिए रवाना किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन से नौ अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जनपद के चयनित किसानों को कृषि वैज्ञानिकों और विषय विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की व्यवहारिक और तकनीकी जानकारी दी जाएगी। किसानों को उन्नत फसल उत्पादन तकनीक, मृदा स्वास्थ्य एवं प्रबंधन, फसल विविधीकरण, आधुनिक सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, कीट व रोग प्रबंधन तथा उन्नत बीज एवं कृषि निवेशों के उपयोग की जानकारी दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में लगातार नई तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों का विकास हो रहा है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने किसानों से विशेषज्ञों द्वारा दी जाने वाली जानकारी को गंभीरता से सीखने और प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का अपने खेतों में प्रयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को दूसरे क्षेत्रों में अपनाई जा रही उन्नत कृषि पद्धतियों को प्रत्यक्ष रूप से समझने और सफल कृषि मॉडल देखने का अवसर मिलेगा। इससे उपयोगी तकनीकों को अपने जनपद में अपनाकर कृषि उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन, संसाधनों के समुचित उपयोग और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की तकनीकी क्षमता बढ़ाकर उन्हें आधुनिक एवं उन्नत कृषि की ओर प्रेरित करना है।

इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और प्रशिक्षण के लिए चयनित किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार