किसान दिवस में पराली जलाने और नहर सफाई का उठा मुद्दा, सीडीओ ने दिए निर्देश

 


-अब तक नौ किसानों पर लगाया गया 45 हजार रुपये का जुर्माना

- 30 नवंबर तक आलू निकासी और अनुदान के लिए करें आवेदन

औरैया, 18 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विकास भवन सभागार ककोर में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसानों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में उर्वरक, बिजली, सिंचाई, पराली प्रबंधन और कृषि योजनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नहरों की सिल्ट सफाई गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण कर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। पराली जलाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए नियमित निगरानी और दोषियों पर अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए।

उप कृषि निदेशक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि सेटेलाइट से पराली जलाने की घटनाओं की निगरानी की जा रही है। अब तक नौ किसानों पर कुल 45 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। दोबारा पराली जलाने पर दोगुने अर्थदंड का प्रावधान है।

जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि जनपद के 17 शीतगृहों में भंडारित 1.38 लाख मीट्रिक टन आलू में से करीब 78 प्रतिशत की निकासी हो चुकी है। आलू निकासी और भंडारण प्रभार योजना के तहत 100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ पाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर है।

उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने किसानों से पराली गौशालाओं में दान करने और पशुओं का बीमा कराने की अपील की। कृषि वैज्ञानिक डॉ. ब्रजविकास सिंह ने मृदा परीक्षण, हरी खाद के प्रयोग और फसल अवशेषों के सदुपयोग की जानकारी दी।

सीडीओ ने बताया कि 16 नवंबर से स्व-जनगणना शुरू हो चुकी है। नागरिक 40 बिंदुओं पर जानकारी भरकर 15 दिन में प्रक्रिया पूरी करें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार