वृक्षारोपण के लिए सभी विभाग तैयार करें माइक्रो प्लान: जिलाधिकारी

 


पुरहा नदी के पुनरुद्धार में तेजी लाने के निर्देश, गोविंद नगर की ओपन डंपिंग साइट का होगा निस्तारण

औरैया, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला गंगा समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें पर्यावरण संरक्षण, आगामी वर्ष के वृक्षारोपण, पुरहा नदी के पुनरुद्धार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी वर्ष के वृक्षारोपण लक्ष्य को लेकर प्रभागीय वन अधिकारी ने जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार अभी से माइक्रो प्लान तैयार करें। पौधरोपण के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन करने के साथ पौधों की उपलब्धता, रोपण की व्यवस्था और उनके संरक्षण की कार्ययोजना भी बनाई जाए। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

पुरहा नदी के पुनरुद्धार में आएगी तेजी

पुरहा नदी के पुनरुद्धार कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को शेष कार्यों का आकलन कर आवश्यक बजट का आगणन शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि लंबित कार्यों को समय से पूरा कराया जा सके।

डंपिंग साइट और बायोमेडिकल वेस्ट पर सख्ती

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद औरैया के अधिशासी अधिकारी को गोविंद नगर स्थित ओपन डंपिंग साइट के निस्तारण की कार्रवाई प्राथमिकता से कराने को कहा। उन्होंने शहर में कचरे के व्यवस्थित संग्रहण और निस्तारण पर जोर दिया। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में बायोमेडिकल वेस्ट का अनुचित निस्तारण न होने पाए। इसके लिए अपशिष्ट के पृथक्करण, संग्रहण, परिवहन और सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

बैठक में प्रभागीय वन अधिकारी डॉ. सीपी सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई संजय सिंह, सहायक अभियंता लघु सिंचाई अजय शुक्ला, डिप्टी सीएमओ डॉ. देवनारायण और जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे साक्षी शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार