हाईवे किनारे फंदे पर लटका मिला बुजुर्ग का शव
औरैया, 14 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग का शव घर में टीनशेड के पाइप से फंदे पर लटका मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू की।
नेशनल हाईवे स्थित बसंत पेट्रोल पंप के पास रहने वाले करीब 60 वर्षीय सतीश ने अज्ञात कारणों के चलते घर में टीनशेड के पाइप से फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह परिजन सोकर जागे तो उनका शव फंदे पर लटका देख होश उड़ गए। देखते ही देखते घर में कोहराम मच गया।
परिजनों की सूचना पर सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को नीचे उतरवाकर जांच-पड़ताल की। फिलहाल बुजुर्ग के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार