औरैया : संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर लिया न्याय और समता का संकल्प
-जनपद न्यायालय में ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का आयोजन, 400 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
औरैया, 26 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को न्यायालय परिसर औरैया एवं बाह्य न्यायालय बिधूना में ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मयंक चौहान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में सुबह नौ बजे सभी ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस दौरान जनपद न्यायाधीश मयंक चौहान ने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और संवैधानिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प दिलाया।
इसी क्रम में जनपद के सभी विद्यालयों में भी संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। चौ. विशम्भर सिंह भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज में सिविल जज जूनियर डिवीजन विजय प्रकाश की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इसके बाद संविधान से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रोमा गुप्ता ने विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता और उसमें प्रदत्त अधिकारों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य गीता चतुर्वेदी एवं उप प्रधानाचार्य अतुल शुक्ला ने पुरस्कृत किया।
कार्यक्रमों में जनपद न्यायालय परिसर में 400 से अधिक न्यायिक कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों, भारतीय विद्यालय में 1300 से अधिक छात्र-छात्राओं तथा अन्य कार्यक्रम स्थलों पर 2300 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रमों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई।
इस अवसर पर पीठासीन अधिकारी परिवार न्यायालय प्रवेन्द्र कुमार शर्मा, अपर जिला जज प्रथम पारुल जैन, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट विकास गोस्वामी, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट अखिलेश्वर प्रसाद मिश्रा, अपर जिला जज द्वितीय कैलाश कुमार, अपर जिला जज एफटीसी प्रथम राजीव कुमार वत्स, अपर जिला जज एफटीसी द्वितीय विनय प्रकाश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिसौदिया सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार