बाल विवाह के खिलाफ बच्चों और ग्रामीणों को दिलाई शपथ, निकाली जागरूकता रैली

 


औरैया, 27 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस के अवसर पर शुक्रवार को महिला कल्याण विभाग की ओर से कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय तुर्कीपुर, चित्तरसिंह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही सभी को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ दिलाई गई।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी के नेतृत्व एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बताया गया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 27 नवंबर को बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया है। वर्ष 2026 में पहली बार यह दिवस मनाया जा रहा है। वहीं, भारत में 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत हुई थी, जिसके जिसके दो वर्ष पूरे हो चुके हैं।

कार्यक्रम में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की और 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह करना या करवाना दंडनीय अपराध है। इसके लिए दो वर्ष तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

वक्ताओं ने बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की। इसके बाद विद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नारे लगाकर ग्रामीणों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया। महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं और टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।

इस मौके पर ग्राम प्रधान गिरजा शंकर, महिला कल्याण विभाग की डीएमसी सपना राठौर, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर वर्षा गुप्ता, केस वर्कर वंदना कुशवाहा, मल्टीपरपज अनूप कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार