लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में औरैया से शामिल होंगे दो हजार से अधिक भाजपाई
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में औरैया से शामिल होंगे दो हजार से अधिक भाजपाई
औरैया, 02 नवंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ में जनपद औरैया से भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे। पदयात्रा को लेकर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे ने बताया कि चार नवंबर को सुबह 11 बजे कानपुर के बृजेन्द्र स्वरूप पार्क से मोतीझील तक पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसमें औरैया जनपद से दो हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों औरैया, दिबियापुर एवं बिधूना से पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समर्पित कार्यकर्ता पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन, जनहित और राष्ट्रहित के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रही है। इस पदयात्रा के माध्यम से जन-जन तक लोकतंत्र की मजबूती और अराजकता के विरुद्ध एकजुटता का संदेश पहुंचाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनपद से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संपर्क और संवाद किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार