एसएस एकेडमी के छात्रों को स्वस्थ जीवन का दिया गया संदेश

 


-जिलाधिकारी डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में आयाेजन

औरैया, 05 फरवरी (हि. स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योग वैलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की गतिविधियों के अंतर्गत आज एसएस एकेडमी गायत्री नगर औरैया में योग जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम जिलाधिकारी डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ सुधांशु दीक्षित एवं डीपीएम आयुष गौरव पांडे के मार्गदर्शन में हुआ।

योग इंस्ट्रक्टर योगेंद्र कुमार मिश्र ने छात्र-छात्राओं को जीवन में स्वास्थ्य और समाज के महत्व, आने वाले बदलावों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करने तथा संयमित जीवन शैली अपनाने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में लगभग 730 छात्र-छात्राओं को सामूहिक रूप से श्वास-प्रश्वास के अभ्यास, स्वस्थ जीवन जीने की कला, सर्दी से बचाव तथा गलत खान-पान से होने वाली समस्याओं पर जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षक ने बच्चों को जीवन को सहजता से जीने का संदेश दिया, जिससे उत्तम स्वास्थ्य और संतुलित जीवन संभव हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार