औरैया में काउंसलिंग से फिर जुड़े 329 परिवार, दंपतियों को उपहार देकर किया सम्मानित

 


औरैया, 16 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पारिवारिक विवादों को बातचीत और आपसी समझ के जरिए सुलझाकर बिखरते रिश्तों को फिर से जोड़ने की दिशा में औरैया पुलिस ने पहल की है। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के अंतर्गत महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने परिवार परामर्श केंद्र ने इस वर्ष काउंसलिंग एवं आपसी सहमति के माध्यम से 329 परिवारों के विवादों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर उन्हें फिर से एकजुट किया।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को महिला थाने में परिवार सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें दंपतियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। आयोजित कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी ने परिवारों के बीच आपसी सामंजस्य, संवाद और विश्वास बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। समारोह के दौरान उन दंपतियों से फीडबैक भी प्राप्त किया गया, जिनके पारिवारिक विवाद काउंसलिंग के जरिए सुलझाए गए। परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य घरेलू और पारिवारिक विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाना, दंपतियों के बीच गलतफहमियां दूर करना तथा परिवारों को टूटने से बचाने के लिए सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

औरैया पुलिस के अनुसार, महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के साथ परिवारों में प्रेम, विश्वास और सौहार्द बनाए रखना भी अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। पुलिस ने कहा कि काउंसलिंग और आपसी सहमति के माध्यम से विवादों का समाधान करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे, ताकि परिवारों में खुशहाली और रिश्तों में मजबूती बनी रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार