औरैया : यूपी 112 की तत्परता से बची महिला की जान, फंदे से उतारकर पहुंचाया अस्पताल
औरैया, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में थाना सहार क्षेत्र में बुधवार एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस मामले की सूचना मिलते ही यूपी-112 की पीआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को समय रहते फंदे से नीचे उतारकर उसकी जान बचा ली। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहार में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, आज गांव शहबाजपुर की मड़ैया निवासी विमला देवी पत्नी अभिषेक कुमार रैदास ने घर में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112 की पीआरवी-5374 टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने परिजनों की मदद से महिला को तुरंत फंदे से नीचे उतारा। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद बिना देर किए उसे सीएचसी सहार पहुंचाया गया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर पति अभिषेक कुमार और जेठानी गीता देवी के साथ घर भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी सहार भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
महिला की जान बचाने में यूपी-112 की पीआरवी-5374 पर तैनात मुख्य आरक्षी गोविंद प्रताप सिंह, सब कमांडर राहुल तथा होमगार्ड रोहित कुमार की अहम भूमिका रही। उनकी त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि समय पर पुलिस के पहुंचने से एक अनमोल जीवन बच सका।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में बिना घबराए तत्काल यूपी-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार