घूसखोरी का ऑडियो वायरल, सब इंस्पेक्टर निलम्बित

 




अमेठी, 01 अप्रैल (हि.स.)। अमेठी जनपद में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां बुधवार को एक सब इंस्पेक्टर का कथित रिश्वत मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कम्प मच गया। मामला थाना बाजार शुक्ल का है, जहां तैनात सब इंस्पेक्टर साबिर अली को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है।

वायरल ऑडियो में सब इंस्पेक्टर द्वारा एक मुकदमे से नाम निकालने के एवज में 30 हजार रुपये की मांग की जा रही है। बातचीत के दौरान सौदेबाजी कर रकम 20 हजार रुपये तय होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह बातचीत प्रतिवादी पक्ष के घर जाकर की गई थी, जिसकी रिकॉर्डिंग परिजनों ने कर ली और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

जानकारी के अनुसार, यह मामला 29 मार्च को दर्ज एक मारपीट के मुकदमे से जुड़ा है। जिसमें चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच सब इंस्पेक्टर साबिर अली को सौंपी गई थी। आरोप है कि विवेचना के दौरान ही अभियुक्तों के नाम निकालने के लिए रिश्वत की मांग की गई।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित सब इंस्पेक्टर को निलम्बित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश कुमार वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी