राहुल मिश्रा की गायकी ने बांधा समां, भक्ति और सूफियाना गीतों पर झूमे श्रोता
बाराबंकी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। बाराबंकी देवा मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक राहुल मिश्रा की शानदार प्रस्तुतियों ने संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। आजमगढ़ के हरिहरपुर संगीत घराने से जुड़े गोल्ड मेडलिस्ट एवं आकाशवाणी गायक राहुल मिश्रा ने अपनी गायकी से मेले के सांस्कृतिक पंडाल में समां बांध दिया। उनके गीतों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम की शुरुआत में राहुल मिश्रा ने ‘रामा-रामा रटते-रटते’ भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद उन्होंने ‘सादगी तो हमारी जरा देखिए’, ‘तुम्हें दिल्लगी भूल जानी पड़ेगी’, ‘छाप तिलक सब छीनी’ और ‘तुम तो ठहरे परदेसी’ जैसे लोकप्रिय गीत सुनाकर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी।
भक्ति संगीत से लेकर सूफियाना अंदाज तक उनकी प्रस्तुतियों में सुरों और भावों का आकर्षक मेल देखने को मिला। एक के बाद एक गीतों की प्रस्तुति के दौरान पंडाल तालियों से गूंजता रहा। श्रोता देर तक संगीत की स्वर लहरियों का आनंद लेते रहे।
राहुल मिश्रा की सुरीली आवाज और प्रभावशाली गायकी ने देवा मेले की सांस्कृतिक संध्या को खास बना दिया। कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी