इलाहाबाद विश्वविद्यालय पुरा छात्रों के स्वागत को तैयार

 


प्रयागराज, 27 फरवरी (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एक मार्च काे हाेने वाले पुरा छात्र सम्मेलन “फैमिलियर फेसेज फिएस्टा” की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। विश्वविद्यालय अपने पुरा छात्रों के स्वागत के लिए तैयार है।

कुलपति और यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद एलुमिनाई एसोसिएशन की चेयरपर्सन प्रो. संगीता श्रीवास्तव के निर्देशन में यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद एलुमिनाई एसोसिएशन ने तैयारियों को अमलीजामा पहनाया है।

एलुमिनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. हेराम्ब चतुर्वेदी और सचिव प्रो. कुमार बीरेंद्र ने बताया कि मुख्य आयोजन समिति और 10 अन्य समितियों ने अपना काम पूरा कर लिया है।

--प्रो. ईश्वर टोपे सभागार में शुभारम्भ सुबह 10ः30 बजे

जनसम्पर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने बताया कि पुराछात्र सम्मेलन का शुभारम्भ सीनेट परिसर स्थित प्रो. ईश्वर टोपे सभागार में सुबह 10ः30 बजे होगा। इसमें हिमांशु बाजपेई दास्तानगोई करेंगे।

--निराला आर्ट गैलरी में लगी कला प्रदर्शनी और फूड गैलरी

सीनेट परिवर स्थित निराला आर्ट गैलरी में कला प्रदर्शनी और फूड गैलरी की व्यवस्था की गई है जिसमें विश्वविद्यालय में आने वाले आगंतुक स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेंगे। इसके साथ ही, वे कला प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे।

--शाम 6ः30 से बरगद लॉन में कवि सम्मेलन

शाम 6ः30 से सीनेट परिसर स्थित बरगद लॉन में कवि सम्मेलन होगा। इसमें प्रख्यात कवि पद्मश्री सम्मानित डॉ. अशोक चक्रधर, पद्मश्री अवार्डी डॉ. सुनील जोगी और पद्मश्री सम्मानित शायर वसीम बरेलवी पुराछात्रों के सम्मुख प्रस्तुति देंगे।

--पास के माध्यम से ही प्रवेश

पुराछात्र सम्मेलन कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पास निर्धारित किया गया है। बिना पास के प्रवेश नहीं मिलेगा। वर्ष 2005 या उससे पूर्व के पुराछात्रों को सम्मेलन का निमंत्रण भेज दिया गया है, जिसे दिखाकर उन्हें कैंपस में आने की अनुमति मिल जाएगी। शिक्षकों को प्रवेश के लिए ई-मेल के माध्यम से भेजा गया आमंत्रण पत्र दिखाना होगा।

--शनिवार को भी खुले रहेंगे सभी विभाग और छात्रावास

सभी विभाग और छात्रावास को पुराछात्रों के भ्रमण के लिए शनिवार को दोपहर दो बजे तक खुला रखा जाएगा जिससे वे अपने छात्र जीवन की यादों से फिर जुड़ सकें और अपने शिक्षकों से भी मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र