प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कार्यशालाएं आयोजित करेगा राजभाषा अनुभाग : प्रो. सरोज सिंह

 


--प्रेमचंद जयंती पर नाट्य मंचन एवं सितम्बर में प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

--राजभाषा अनुभाग- राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में निर्णय

प्रयागराज, 30 जून (हि.स)। मंगलवार को अपराह्न में इलाहाबाद विश्वविद्यालय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की प्रथम तिमाही बैठक प्रो सरोज सिंह अध्यक्षता में ऑनलाइन हुई। प्रो सरोज सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कार्यशाला आयोजन करने का प्रस्ताव सराहनीय है। विद्यार्थियों हेतु ये कार्यशालाएं भविष्य निर्माण में सहायक होंगी।

उन्होंने आगे कहा कि राजभाषा अनुभाग को विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के ऐसे शिक्षकों का डाटा तैयार करना चाहिए जो स्वेच्छा से अपना समय इस कार्यशाला के लिए देना चाहते हैं। हमें हिंदी की कार्यशालाएं भी समय पर आयोजित करनी चाहिए। उन्होंने कहा इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालय सितम्बर में विद्यार्थियों और कार्मिकों हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा। ग्रीष्मावकाश के बाद राजभाषा अनुभाग की इकाई ‘बरगद कलामंच’ के द्वारा विश्वविद्यालय में प्रेमचंद जयंती के अवसर पर भव्य नाट्य मंचन किया जाएगा।

संयोजक प्रो कुमार वीरेन्द्र ने बताया कि हिन्दी के प्रचार प्रसार के क्रम में कार्य किये जाएंगे। संसदीय राजभाषा समिति की प्रश्नावली के अनुसार राजभाषा कार्य की समीक्षा हेतु कई समितियां और उपसमितियां बनाई जानी प्रस्तावित हैं। जल्दी ही राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन भी राजभाषा अनुभाग के तत्वावधान में किया जाएगा।

प्रो. अजय जेटली ने सुझाव दिया कि राजभाषा अनुभाग को सितम्बर माह में राजर्षि टंडन को केंद्र में रख कर कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुभाग को अपने वर्ष भर के कार्यक्रम की सूची बनाकर उसे अनुमोदित करा लेना चाहिए, जिससे समय परक आयोजन किए जा सकें। कुछ रचनाकारों को केंद्र में रखकर व्याख्यान आयोजित किए जाने चाहिए और ये गतिविधियों लगातार चलती रहनी चाहिए।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव देवेश कुमार गोस्वामी ने कहा कि हमें राजभाषा प्रचार प्रसार के क्रम में संसदीय समिति द्वारा जारी प्रश्नावली के मानकों को ध्यान में रखकर भी आवश्यक कार्यवाही करनी चाहिए। साथ ही राजभाषा अनुभाग का वेबसाइट पर अपना एक पेज हो जिस पर समस्त गतिविधियों डाली जायें और विगत वर्ष की गतिविधियां बुकलेट रूप में कुलपति को प्रेषित की जानी चाहिए ।

इविवि की पीआरओ प्रो जया कपूर ने बताया कि हिंदी अधिकारी प्रवीण श्रीवास्तव ने राजभाषा की गतिविधियों की जानकारी प्रदान की तथा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक का संचालन हिंदी अनुवादक, हरिओम कुमार ने किया। बैठक में प्रो. राहुल पटेल, प्रो. नीलिमा सिंह, प्रो. मार्तंड सिंह, प्रो. रतन कुमारी वर्मा, डॉ रमेश सिंह, प्रो. शक्ति शर्मा, डॉ सामंता साहू, डॉ विशाल जैन, डॉ मुदिता तिवारी, नवी चौहान, सुधाकर मिश्र आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र